लॉकडाउन की वजह से घर के अंदर बंद लोग मौसम के इस मिजाज को देखकर हैरान हैं। गुरुवार रात और शुक्रवार को हरियाणा पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, गुजरात और उत्तरी महाराष्ट्र में बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कहीं-कहीं ओले भी पड़े। वहीं पहाड़ी राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी हुई। जिसके कारण तापमान में दे दिनों में पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
मार्च के आखिरी दिनों में अमूमन गर्मी बढ़ने लगती है लेकिन देश में मौसम ने अपना मिजाज बदला हुआ है। जिलों जैसे पौड़ी, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चली। जम्मू-कश्मीर में स्थित विश्व प्रसिद्ध स्की स्थल गुलमर्ग और ऊपरी इलाकों में काफी बर्फबारी हुई। कश्मीर घाटी में बारिश होने से वहां सर्दी बढ़ गई है। बेमौसम बारिश और ओले के कारण राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश हित कई राज्यों में गेहूं, चना, सरसों, धनिया समेत रबी मौसम की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है।