अचानक आई आंधी-बारिश के बाद अब तापमान में तेजी से इजाफा होने की संभावना है। दो दिन में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। वहीं, अगले सात दिनों के भीतर इसके 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। नियमित अंतराल पर आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के चलते अभी तक दिल्ली में मई का महीना गर्मी को लेकर अपने रंग में नहीं आया है। इस बार मई का महीना सामान्य से काफी ठंडा रहा है। इस सीजन में अभी तक सिर्फ दो बार ऐसे मौके आए हैं, जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर गया है।
हालांकि, आमतौर पर 15 अप्रैल के बाद अधिकतम तापमान के 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर जाने की शुरुआत हो जाती है। मगर आंधी और बारिश के चलते दिल्ली का मौसम इस बार लगातार बदलता रहा है। इसके चलते तापमान में बहुत तेजी से उछाल देखने को नहीं मिला है। हालांकि, अब मौसम का रुख बदलने वाला है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है।
तापमान सामान्य से कम रहा :दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में शुक्रवार की सुबह तेज धूप निकली। हालांकि, दिन के कुछ हिस्सों में हल्के बादलों की आवाजाही भी रही।