महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती पर बुधवार सुबह कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय (राजीव भवन) से राजघाट तक गांधी संदेश पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष, सेवा दल, और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
कार्यकर्ता महात्मा गांधी के चरखे की झांकी के साथ पदयात्रा में शामिल हुए। राजघाट पर कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक ने कार्यकर्ताओं को गांधी के बताए मार्ग पर चलने की शपथ दिलाई। मंच संचालन पीसी चाको ने किया।राजघाट पर पदयात्रा के समापन पर सोनिया गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश में कुछ लोग चाहते हैं कि भारत महात्मा गांधी के नहीं बल्कि आरएसएस का प्रतीक बन जाए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के आदर्शों का कांग्रेस ने हमेशा पालन किया है।
पदयात्रा में दिल्ली प्रभारी पीसी. चाको, मुकुल वासनिक, अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल के मुख्य संगठक लालजी देसाई, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष हारून यूसुफ सहित प्रदेश कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए।