कुछ ऐसी अहम खबरें होती है, जिनका हमारे जीवन पर अहम असर पड़ता है या फिर जिन खबरों के बारे में जानने में हमारी दिलचस्पी ज्यादा रहती है। यहां उन्हीं अहम खबरों की जानकारी मिलेगी।
वायुसेना की ‘गोल्डन एरो’ 17 स्कवाड्रन मंगलवार को फिर बहाल की जाएगी। यह पहली यूनिट होगी जोकि फ्रांस से आ रहे राफेल लड़ाकू विमान को उड़ाएगी। इस महीने के अंत या अक्तूबर के पहले हफ्ते में पहला लड़ाकू विमान मिल सकता है।
देश के महत्वाकांक्षी मिशन चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम को लेकर उम्मीदें अभी कम नहीं हुई हैं। भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो के वैज्ञानिकों के मुताबिक, चांद की सतह पर मौजूद विक्रम सही सलामत है और वह क्षतिग्रस्त नहीं हुआ है। वह सतह पर एक तरफ झुका हुआ पड़ा है।
मध्य प्रदेश में मॉनसून पूरे शबाब पर है। मौसम विभाग ने 32 जिलों में अलर्ट जारी किया है, जबकि प्रदेश का बड़ा इलाका पहले से ही बाढ़ की चपेट में है। राजधानी भोपाल, सीहोर, मंडला, नरसिंहपुर और जबलपुर सहित 11 जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ियों में छुटटी की गई। इन शहरों की कई निचली बस्तियां पानी में डूबी हैं।
जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त किए जाने के बाद सुरक्षा बलों की ओर से बनाए गए दबाव के चलते ज्यादातर आतंकियों ने पहाड़ों पर सुरक्षित स्थानों पर पनाह ले ली है। अब इन दहशतगर्दों को घेरने के लिए सुरक्षा बलों की ओर से पहाड़ों पर घेराबंदी और तलाशी अभियान (कासो) चलाने की तैयारी है।
कपूर खानदान के चिराग ऋषि कपूर मंगलवार को अमेरिका से वापस मुंबई लौट आए। वह बीते एक साल से न्यूयॉर्क में कैंसर का इलाज करवा रहे थे। ऋषि कपूर को मुंबई एयरपोर्ट पर नीतू कपूर के साथ स्पॉट किया गया। इस दौरान उनके चेहरे पर वतन लौटने की खुशी साफ झलक रही थी।